शुक्रवार, 28 अक्तूबर 2016

'ऐ दिल है मुश्किल' की रिलीज पर 4 राज्यों में हंगामा, महाराष्ट्र में फिलहाल शांति

करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' शुक्रवार को रिलीज हुई, लेकिन मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में हिंदू संगठनों के हंगामे की वजह से कई टॉकीजों में शो रद्द करने पड़े। प्रदर्शन करने वालों ने चेतावनी दी कि अगर फिल्म दोबारा चलाई तो टॉकीजों में घुसकर तोड़फोड़ की जाएगी। हालांकि, महाराष्ट्र में शांति है, जबकि यहीं से इस फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुए थे। बता दें कि फिल्म में पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान है। उड़ी हमले के बाद पाक कलाकारों का भारत में विरोध हो रहा है।
शुक्रवार को जैसे ही यह फिल्म रिलीज हुई, पहले से विरोध के लिए तैयार बैठे हिंदू संगठनों ने सिनेमाघरों में घुसकर हंगामा कर दिया। इससे कई जगह शो रद्द करने पड़े।

- मध्य प्रदेश के जबलपुर में 'हिंदू सेवा परिषद' के कार्यकर्ताओं ने समदड़िया मॉल के मल्टीप्लेक्स से दर्शकों को बाहर निकाल दिया। सुबह 9 बजे शो शुरू होते ही कार्यकर्ता वहां पहुंच गए थे। उन्होंने फिल्म के पोस्टर फाड़े और उनमें आग लगा दी।

- जबलपुर में यह फिल्म तीन टॉकीजों में रिलीज हुई है। हंगामे के चलते सभी जगह शो रद्द करने पड़े। हिंदू सेवा परिषद के अध्यक्ष अतुल जैसवानी ने चेतावनी दी कि अगर शो दुबारा शुरू हुए, तो टॉकीजों में तोड़फोड़ कर दी जाएगी।

- उन्होंने कहा कि, 15 दिन पहले हमने प्रशासन को इस बारे में चेताया था, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

- ग्वालियर में भी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने फिल्म का विरोध किया। मुरार में श्री टॉकीज पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

- इसके बाद श्री टॉकीज और फन सिनेमा के बाहर सिक्युरिटी बढ़ा दी गई है।

-भोपाल के सिनेमाघरों के बाहर पुलिस तैनात है। यहां यह फिल्म सिनेपॉलिस, डीडीएक्स मल्टीप्लेक्स, मुक्ता, पीवीआर, रंगमहल, संगम सिनेप्लेक्स सहित करीब एक दर्जन थियेटर्स में रिलीज हुई है।
-भोपाल में शिवसेना युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप तिवारी ने ने चेतावनी दी कि, अगर फिल्म का प्रदर्शन न रोका गया, तो टॉकीजों में तोड़फोड़ की जाएगी।




छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार में भी शो रद्द

- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के मंडी सिनेमा मॉल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 'ऐ दिल है मुश्किल' फिल्म का शो रद्द करवा दिया।


- पटना के मोना टॉकीज पर बीजेपी के कार्यकर्ता ने नारेबाजी की। वे काफी देर तक हंगामा करते रहे।

- झारखंड के रांची में शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने गिल्ट्ज सिनेमा, फन और आईलेक्स सिनेमा के सामने प्रदर्शन किया और फिल्म के शो को रुकवा दिया।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें