रविवार, 4 दिसंबर 2016

महिला एशिया कपः भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर छठी बार जीती चैंपियनशिप

वीमेंस एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को हराकर लगातार छठी बार जीत हासिल की है. शानदार बल्लेबाजी करने वाली मिताली राज (73) के चलते टीम इंडिया नेे पाकिस्तान को 17 रनों की शिकस्त दी.

वीमेंस एशिया कप के फाइनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया. टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 121 रन बनाए. टीम इंडिया की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मिताली राज ने किया. मिताली ने 85 गेंदों पर 7 चौके और एक छक्का जड़कर 73 रन बनाए. ओपनिंग करने आईं मिताली नॉट आउट रहीं. टीम इंडिया की ओर से दूसरा सर्वाधिक स्कोर करने वाली खिलाड़ी झूलन गोस्वामी (17) रहीं. हालांकि बाकी टीम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई.

जवाब में खेलने उतरी पाकिस्तान की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया और एक वक्त 14वें ओवर में टीम ने 3 विकेटों के नुकसान पर 75 रन बना लिए थे. लेकिन गेंदबाजी कर रहीं अनुजा पाटिल ने पाकिस्तानी टीम की कप्तान को कैच करके इसे अपनी ओर मोड़ लिया. टीम इंडिया की ओर से प्रीति बोस, एकता बिष्ट और झूलन ने एक-एक विकेट लिया.

गौरतलब है कि छठे महिला एशिया कप पर भी भारतीय टीम का दबदबा रहा. इसके साथ ही इस चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम ने दूसरी बार पाकिस्तान को शिकस्त दी है. इससे पहले ग्रुप स्टेज के मैचों में भी टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया था और पिछले 32 मैचों में से एक भी नहीं हारी है. चैंपियनशिप में भारत के अलावा पाकिकस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और मेजबान थाईलैंड की टीम ने भी हिस्सा लिया.

टीम की इस शानदार जीत के बाद टीम इंडिया के  पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और बीसीसीआई प्रमुख अनुराग ठाकुर ने उन्हें बधाई दी है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें