शुक्रवार, 23 दिसंबर 2016

भोपाल के प्रमुख अस्पताल में चूहों के शव कुतरने के बाद मुख्यमंत्री ने की बडी कार्रवाई, हटाए गए एसीएस

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रमुख अस्पताल, हमीदिया अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला के शव को चूहों के कुतरने की खबरें सामने आने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को अस्पताल का औचक दौरा करते हुए वहां अव्यवस्थाएं मिलने पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को हटा दिया।

मंंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रभांशु कमल की मंत्रालय में विशेष कत्र्तव्यस्थ अधिकारी के तौर पर नियुक्ति की गई है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव गौरी सिंह को चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव और मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम के प्रबंध संचालक मनीष रस्तोगी को चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।

इसके पहले मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को हमीदिया अस्पताल के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां गंदगी और अन्य अव्यवस्थाएं दिखाई देने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए। राजधानी के हमीदिया अस्पताल में कल एक बुजुर्ग महिला के शव की आंखों को चूहों द्वारा कुतरने संबंधित वीभत्स खबरें सामने आईं थीं।

आरोप था कि महिला की देखरेख करने वाला कोई नहीं होने की वजह से अस्पताल में उसका इलाज नहीं हुआ, जिसके बाद इस बेसहारा महिला को अस्पताल परिसर में बेसहारा लोगों के लिए काम करने वाली एक संस्था ने शरण दी, जिसके शेड में मंगलवार रात महिला की मौत हो गई थी। यहीं शव को कंबल से ढक दिया गया, जिसके बाद उसके शव को चूहों ने कुतर दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें