शनिवार, 10 दिसंबर 2016

मुंबई टेस्ट: मुरली विजय ने ठोका 8वां शतक, कोहली की धुंआधार पारी

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. मुरली विजय के शतक के दम पर भारतीय टीम विशाल स्कोर की ओर बढ़ रही है.

मुरली विजय का टेस्ट करियर में यह आठवां शतक है और सीरीज में दूसरा. राजकोट में भी मुरली विजय ने शतक ठोका था. मुरली को विराट कोहली का बढ़िया साथ मिला है और वे भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं.

मैच की शुरुआत में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा. धाकड़ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा 47 रन बनाकर जेक बॉल का शिकार बने. पुजारा की जगह क्रीज पर खुद कप्तान विराट कोहली मैदान में उतरे और चौके से पारी की शुरुआत की.

अश्विन ने 6 विकेट झटके

इससे पहले इंग्लैंड के पहली पारी के 400 रनों के जवाब में दूसरे दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम ने पहली पारी में एक विकेट खोकर 146 रन बनाए थे.

इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में केटान जेनिंग्स (112), जोस बटलर (76) और मोइन अली (50) की पारियों की बदौलत 400 रन बनाए थे.

भारत के लिए अश्विन ने सर्वाधिक छह विकेट लिए. उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने चार विकेट अपने नाम किए.

जेनिंग्स की शतकीय पारी

इस मैच में शतक लगाने वाल जेनिंग्स पदार्पण मैच में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के आठवें सलामी बल्लेबाज बन गए हैं. जेनिंग्स ने अपनी शतकीय पारी में 219 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके लगाए.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड ने दिन के पहले सत्र में कप्तान के रूप में पहला विकेट गंवाया. कुक रवींद्र जडेजा की गेंद पर चकमा खा गए और पार्थिव पटेल ने उन्हें स्टम्प किया. 60 गेंदों में पांच चौके लगाने वाले कुक इस मैच में भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में 2000 से ज्यादा रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज बन गए हैं.

जोए रूट ने किया निराश

दूसरे सत्र में जोए रूट के रूप में भारत को सफलता मिली. उन्हें रविचन्द्रन अश्विन ने 136 के स्कोर पर कप्तान विराट कोहली के हाथों कैच कराया. पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें